डॉ. राम कुमार झा निकुंज" नई दिल्ली
शान्ति सहज जीवन सुखी - दोहा - डॉ. राम कुमार झा "निकुंज"
सोमवार, सितंबर 21, 2020
शान्ति सहज जीवन सुखी , मानवता सम्मान।
यही मूल नित सत्य है, ब्रह्म सृजन अभिधान।।१।।
परहित यदि मन भावना , तजे मोह मद स्वार्थ ।
सर्व सुखी मुस्कान मुख, शान्ति मिले परमार्थ।।२।।
सुष्मित सुन्दरतम प्रकृति , मिला ईश वरदान।
त्याग शील गुण कर्म पथ , शान्ति करें अवदान।।३।।
जीवन होता तब सफल , मिले शान्ति आलोक।
दीन धनी समतुल्य है , मिटे त्रासदी शोक।।४।।
युद्ध लक्ष्य बस शान्ति का, ध्येय मात्र सत्कर्म।
प्रभु लेते अवतार जग , शान्ति दूत बन धर्म।।५।।
लोभ मूल हर व्याधि का ,घृणा राग छल मोह।
अहंकार रिपु शान्ति का ,विश्व शान्ति अवरोह।।६।।
शान्ति मार्ग जग श्रेष्ठ है , चहुँदिश जन उत्थान।
खिले चमन मकरन्द बन , धन वैभव मुस्कान।।७।।
विश्व शान्ति जग स्वस्ति ही,कारण हरि अवतार।
मीन कूर्म वाराह बन , किये दुष्ट संहार।।८।।
वामन बलि मद नाश कर , शान्ति रूप संसार।
बार बार क्षत्रिय दमन, किया परशु अवतार।।९।।
लिया राम अवतार जग , हरे प्राण लंकेश।
नृसिंह रूप भगवान हरि , काल बने असुरेश।।१०।।
शान्ति दूत श्रीकृष्ण बन , ले द्वापर अवतार।
पापी कौरव नाश कर , रखा शान्ति आधार।।११।।
बुद्ध शान्ति अवतार दस,देख व्यथित जग पाप।
सत्य प्रेम करुणा दया , हरे लोक संताप।।१२।।
महावीर शंकर सुमन , सत्य प्रीति पथ शान्ति।
तीर्थंकर अरुणाभ जग , मिटे मोह जग भ्रान्ति।।१३।।
शान्ति सुखद सोपान है , शान्ति ईश उपहार।
शान्ति चारु कारण प्रगति,शान्ति कीर्ति आधार।।१४।।
शान्ति जगत दुर्जेय है , नवरस का शृङ्गार।
शान्ति सत्य नीलाभ सम , शीतल गन्ध बहार।।१५।।
महायुद्ध शान्त्यर्थ ही , लड़ा गया हर बार।
जब प्रश्न धर्म स्थापना , हुआ शत्रु संहार।।१६।।
दहशत का माहौल जग , विस्तारक खल नीति।
दे कोरोना त्रासदी , भूल बन्धुता प्रीति।।१७।।
हृदय रखें सद्भावना , समरसता मकरन्द।
शान्ति पुष्प रस पान कर , मुदित मधुप आनंद।।१८।।
परशु गदा गाण्डीव भी , पड़े उठाना चक्र।
विश्व शान्ति अनिवार्य फिर,विनाश शत्रु दुश्चक्र।।१९।।
शान्ति मार्ग कल्याण जग, सत्य प्रीति अभिराम।
विश्वबन्धु जब भाव मन , त्याग स्वार्थ सुखधाम।।२०।।
साहित्य रचना को YouTube पर Subscribe करें।
देखिए साहित्य से जुड़ी Videos
साहित्य रचना कोष में पढ़िएँ
विशेष रचनाएँ
सुप्रसिद्ध कवियों की देशभक्ति कविताएँ
अटल बिहारी वाजपेयी की देशभक्ति कविताएँ
फ़िराक़ गोरखपुरी के 30 मशहूर शेर
दुष्यंत कुमार की 10 चुनिंदा ग़ज़लें
कैफ़ी आज़मी के 10 बेहतरीन शेर
कबीर दास के 15 लोकप्रिय दोहे
भारतवर्षोन्नति कैसे हो सकती है? - भारतेंदु हरिश्चंद्र
पंच परमेश्वर - कहानी - प्रेमचंद
मिर्ज़ा ग़ालिब के 30 मशहूर शेर